माँ तरकुलहा का दर्शन सौभाग्य की बात है:सीएम योगी।


रविवार को नवरात्रि के पहले दिन ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर व पूर्वांचल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ तरकुलहा देवी का दर्शन पुजन के बाद सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि अगले दो साल में पूर्वांचल के विकास की इबारत लिखी जाएगी। उन्होंने चौरीचौरा क्षेत्र में मां तरकुलहा देवी मंदिर के पर्यटन विकास और सुन्दरीकरण के कामों का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि शहीदों की धरती का चतुर्दिक विकास किया जाएगा। लोगों को नवरात्र पर्व की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह मातृशक्ति की अराधना, सशक्तिकरण की प्रेरणा देने का पर्व है। नवरात्र के बाद असत्य पर सत्य की जीत, अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयादशमी पर्व आएगा। लोग रावण का दहन करेंगे। उन्होंने कहा कि 1857 के स्वाधीनता आंदोलन के महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की इष्ट देवी मां तरकुलहा देवी का दर्शन करना बड़े सौभाग्य की बात,लोगों के लिए धन्य हो जाने की बात है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष अमर शहीद बाबू बंधू सिंह का भव्य स्मारक बनेगा। स्मारक के साथ उनकी भव्य प्रतिमा भी लगाई जाएगी। पुस्तकालय, वाचनालय, विश्रामालय का भी निर्माण कराया जायेगा इसके लिए जिला प्रशासन को भी निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बंधु सिंह की अधिष्ठात्री देवी तरकुलहा देवी का भव्य मंदिर भी बनेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। आने वाले दो वर्षों में 2021 और 2022 में गोरखपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। गोरखपुर को एम्स और फर्टिलाइजर की सौगात का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनमें हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। 2022 में चौरीचौरा कांड के सौ वर्ष पूरे हो रहे हैं। देश को आजादी दिलाने वाले क्रान्तिकारियों की देन है कि आज हम भीड़ के रूप में जुटे हैं,देवी मां का दर्शन आसानी से पा जा रहे हैं। यदि अंग्रेजी हुकूमत होती तो शायद हम ऐसा नहीं कर पाते। प्रदेश की सभी बंद चीनी मिलों को चलाया जा रहा है। जिससे लोगों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। पिपराइच चीनी मिल इस बार पूरी क्षमता से चलेगी। 50 हज़ार कुंतल प्रतिदिन की पेराई करेगी। चीनी बनाने के साथ एथेनॉल भी बनाया जाएगा। उसका प्रयोग डीजल और पेट्रोल में करके विदेशी मुद्रा बचाई जाएगी। तरकुलहा में मुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय कुमार सिंह टप्पू, धीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रकाशचंद्र नन्हे, अरुण सिंह, अशोक कुमार राय, और डॉ अशोक सिंह आदि ने किया। इस अवसर पर भाजपा व हिन्दू युवा वाहिनी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


टिप्पणियाँ